
राँची। जिले के बुंडू थाना क्षेत्र अंतर्गत सुमनडीह गांव के समीप तेतरटांड़ के जंगली इलाके से शुक्रवार को एक सिर कटा अधजला अज्ञात शव बरामद हुआ है।
शव की हालत बेहद भयावह थी। प्रथम दृष्टया मामला हत्या के बाद शव की पहचान और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसे जलाने का प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बुंडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। मृतक का सिर धड़ से अलग था, जबकि शरीर का बड़ा हिस्सा आग से झुलसा हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए, काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही।
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम, टेक्निकल टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। सभी टीमों ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए, मौके पर बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश, थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो सहित पुलिस के कई अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
फिलहाल पुलिस हत्या के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शनिवार को भेजा जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मृतक की पहचान और घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Chanho, Ranchi | Jun 20, 2026