
उदयपुर नगर निकाय चुनाव 2026
#नगरनिकाय #चुनाव की घोषणा, 9 और 11 सितंबर को #मतदान, 14 सितंबर को #मतगणना
उदयपुर। राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निकाय चुनाव-2026 की घोषणा कर दी है। उदयपुर जिले के नगरीय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
9 सितंबर को भींडर, वल्लभनगर और फतहनगर-सनवाड़ में तथा 11 सितंबर को उदयपुर नगर निगम, कानोड़ और मावली में सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। 14 सितंबर को मतगणना होगी।
नगर निगम के लिए नामांकन प्रक्रिया 27 अगस्त से 31 अगस्त तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 1 सितंबर और नाम वापसी 3 सितंबर तक होगी। चुनाव चिह्न 4 सितंबर को आवंटित किए जाएंगे।
महापौर व अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितंबर और उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन 22 सितंबर को होगा।
चुनाव के दौरान सख्ती
चुनाव क्षेत्रों में निषेधाज्ञा 19 अगस्त से 25 सितंबर तक लागू रहेगी। बिना अनुमति सभा-जुलूस, हथियारों का प्रदर्शन, भड़काऊ भाषण, सार्वजनिक संपत्तियों पर पोस्टर-बैनर और धार्मिक स्थलों से चुनाव प्रचार पर रोक रहेगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक, उन्माद फैलाने या जातीय द्वेष वाली सामग्री पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने मतदाताओं से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की है।