#चित्रकूट
सेंम्स मॉडल विद्यालय में कक्षा 8 के छात्र की डंडे से पिटाई का आरोप, अभिभावकों में आक्रोश
सेंम्स मॉडल विद्यालय में कक्षा 8 के एक छात्र के साथ अध्यापक द्वारा कथित रूप से डंडे से बुरी तरह मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद छात्र के परिजनों और अन्य अभिभावकों में विद्यालय प्रबंधन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
बताया जा रहा है कि विद्यालय में पढ़ने वाले कक्षा 8 के छात्र के साथ किसी बात को लेकर अध्यापक ने कथित तौर पर डंडे से मारपीट की। आरोप है कि छात्र को इतनी बुरी तरह पीटा गया कि वह भयभीत हो गया। घटना की जानकारी जब परिजनों को हुई तो उन्होंने विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए।
अभिभावकों का आरोप है कि निजी विद्यालय में बच्चों से संबंधित सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना है कि विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों के साथ आए दिन किसी न किसी प्रकार की परेशानी सामने आने की शिकायतें मिलती रहती हैं, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।