
साइबर हेल्प डेस्क बेलहरकला की बड़ी सफलता: साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को वापस मिले ₹10 हजार
संतकबीरनगर, 03 जुलाई। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे 'क्रैक साइबर क्राइम अभियान' के तहत थाना बेलहरकला की साइबर हेल्प डेस्क ने सराहनीय कार्य करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को राहत दिलाई है। पुलिस की प्रभावी कार्रवाई से पीड़ित के खाते में ठगी गई 10 हजार रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई गई।पुलिस के अनुसार, थाना बेलहरकला क्षेत्र के ग्राम पजराभिरी निवासी प्रमोद कुमार पुत्र राम कृष्ण से 2 दिसंबर 2025 को एक अज्ञात व्यक्ति ने प्रलोभन और झूठा विश्वास दिलाकर धोखाधड़ी की तथा गलत ट्रांजेक्शन कराकर उनके खाते से 10 हजार रुपये एक फर्जी खाते में ट्रांसफर करा लिए।ठगी का अहसास होने पर प्रमोद कुमार ने तत्काल थाना बेलहरकला में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर हेल्प डेस्क पर तैनात पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायत को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज कराया और प्रभावी पैरवी के माध्यम से पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी हरिकेश भारती, प्रभारी साइबर हेल्प डेस्क उपनिरीक्षक राजेश कुमार यादव, कांस्टेबल दीनानाथ, कांस्टेबल शैलेश यादव तथा महिला कांस्टेबल वैष्णवी शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
जनपद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक, लालच या ब्लैकमेलिंग के झांसे में न आएं। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल Cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।