
रोहित गोदारा गैंग सहयोगी शिवराज सिंह गिरफ्तार ,
रंगदारी और फायरिंग के मामलों में था वांछित
बीकानेर। संगठित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटगेट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर रोहित गोदारा के सहयोगी और हार्डकोर अपराधी शिवराज सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस को वांछित था और उसके खिलाफ बीकानेर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में संगठित अपराध, रंगदारी और फायरिंग जैसे गंभीर मामलों में कई प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के नेतृत्व में संगठित अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एएसपी (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ तथा सीओ सिटी अनुज डाल के सुपरविजन में कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी के नेतृत्व में थाना स्तर पर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी शिवराज सिंह पुत्र सहदेव सिंह (36) मूल रूप से झुंझुनूं जिले के मंडावा थाना क्षेत्र स्थित तोलियासर गांव का निवासी है। वर्तमान में वह बीकानेर के जेएनवीसी थाना क्षेत्र के तिलक नगर में किराये पर रह रहा था। आरोपी को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दबिश देकर गिरफ्तार किया गया। शिवराज सिंह को कोटगेट थाने में दर्ज प्रकरण में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर लगातार आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने का आदी है। वह गैंग सिंडिकेट के रूप में कार्य करते हुए रंगदारी वसूली, फायरिंग कर लोगों में भय पैदा करने और धमकाने जैसे अपराधों में सक्रिय रहा है।
पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ बीकानेर के अलावा राजस्थान के अन्य जिलों में भी गंभीर धाराओं में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों, आपराधिक नेटवर्क, रंगदारी वसूली और अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। कोटगेट थाना पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और अनुसंधान के दौरान कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।