
रायपुर, छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के दूसरे दिन मैनपाट टाइटन्स और बैलाडिला बुल्स के बीच खेला गया रोमांचक मुकाबला 3-3 की बराबरी पर समाप्त हुआ। मैच के शुरुआती दो क्वार्टर में मैनपाट टाइटन्स ने दबदबा बनाया, लेकिन आखिरी दो क्वार्टर में बैलाडिला बुल्स ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले को बराबरी पर ला दिया।
ओलंपियन प्रदीप मोर के मार्गदर्शन वाली मैनपाट टाइटन्स की ओर से प्रहलाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल दागा और उन्हें ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं, करण धनुक को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। सातवें मिनट में मैनपाट टाइटन्स के प्रहलाद टांडी के पास गोल करने का बेहतरीन मौका आया, लेकिन बैलाडिला के गोलकीपर ने शानदार बचाव कर उनकी कोशिश नाकाम कर दी। इसके बाद बैलाडिला बुल्स को मिले पेनल्टी कॉर्नर पर संदीप ठाकुर ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई।
दूसरे क्वार्टर में मैनपाट टाइटन्स ने वापसी करते हुए मुकाबले पर पकड़ मजबूत की। हाफ टाइम से कुछ मिनट पहले प्रहलाद के शानदार प्रयास पर प्रवीण यादव ने गेंद को गोलपोस्ट में डिफ्लेक्ट कर स्कोर 2-0 कर दिया।
दो गोल से पिछड़ने के बाद बैलाडिला बुल्स ने आक्रामक रुख अपनाया। जसकरण सिंह के शानदार मूव के बाद राहुल यादव ने गोल दागकर टीम की वापसी की राह खोली। इसके बाद चौथे क्वार्टर की शुरुआत में जसकरण सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए स्कोर 2-2 कर दिया।
मुकाबले के रोमांचक दौर में मैनपाट टाइटन्स के प्रहलाद ने रिवर्स फ्लिक के जरिए गोल दागकर अपनी टीम को फिर बढ़त दिलाई। हालांकि, मैच समाप्त होने से पहले बैलाडिला बुल्स के निहाल हुसैन अंसारी ने पेनल्टी कॉर्नर के रिबाउंड पर गोल कर स्कोर 3-3 कर दिया।
आखिरी मिनटों तक चले संघर्ष के बावजूद कोई भी टीम निर्णायक गोल नहीं कर सकी और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इस तरह बैलाडिला बुल्स ने दो गोल से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी कर अपनी जुझारू क्षमता का परिचय दिया.. #ChhattisgarhHockeyLeague #ManpatTitans #BailadilaBulls #HockeyLeague2026 #IndianHockey #HockeyIndia #SportsNews #ChhattisgarhNews #FatafatNews #FatafatNewsNetwork