
छठ घाटों पर व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों ने किया निरीक्षण
लौरिया। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर लौरिया प्रखंड में प्रशासनिक तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। पर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया गया। बीडीओ संजीव कुमार और सीओ आशु रंजन ने नगर पंचायत क्षेत्र के रामजानकी मंदिर परिसर, बिशुनपुरवा, धोबनी तथा देऊरवा स्थित घाटों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों की भौतिक स्थिति, साफ-सफाई, पहुंच पथ और श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाओं का बारीकी से आकलन किया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को घाटों पर मौजूद कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का निर्देश दिया। खासकर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, शौचालय और स्वच्छता की व्यवस्था बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने तैयारियों में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। प्रशासन की कोशिश है कि छठ पर्व से पहले सभी घाटों पर जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए जाएं, जिससे श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।