
गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंजेगा शिवपुरी, 14 सितंबर से शुरू होगा गणेश पूजनोत्सव, 9 को निकलेगी कलश यात्रा।
26 सितंबर को होगा प्रतिमा विसर्जन
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- वाल्मीकिनगर के शिवपुरी मेन रोड स्थित पूजा स्थल पर श्री श्री 108 श्री गणेश पूजनोत्सव 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 14 से 25 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। पूजा स्थल को आकर्षक रूप देने के साथ आयोजन को लेकर अन्य तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। आयोजन समिति के अनुसार, पूजनोत्सव का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया जाएगा। इससे पहले 9 सितंबर को कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। गाजे-बाजे और धार्मिक जयघोष के बीच निकलने वाली कलश यात्रा से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर होगा। पूजनोत्सव के दौरान भगवान गणेश की प्रतिदिन विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए पूजा स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन समिति की ओर से पूजा पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाने की तैयारी भी की जा रही है। गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए मुख्य प्रसाद वितरण का कार्यक्रम भी होगा। इसमें आसपास के गांवों और वाल्मीकिनगर क्षेत्र से बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है। विसर्जन को लेकर भी तैयारी गणेश पूजनोत्सव का समापन 26 सितंबर को प्रतिमा विसर्जन के साथ होगा। इस दौरान श्रद्धालु गाजे-बाजे और भगवान गणेश के जयघोष के बीच प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जाएंगे। विसर्जन कार्यक्रम को लेकर आयोजन समिति की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन समिति ने क्षेत्र के लोगों और गणेश भक्तों से पूजनोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। समिति ने कहा कि भगवान गणेश की आराधना में शामिल होकर श्रद्धालु सुख, समृद्धि और शांति की कामना करें तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दें। गणेश पूजनोत्सव को लेकर शिवपुरी सहित आसपास के इलाकों में अभी से उत्सवी माहौल बनने लगा है।