
सफाई कर्मचारियों के समर्थन में उतरी जेजेपी, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
मांगें पूरी करने और बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली की उठाई मांग
पंचकूला, 11 सितंबर। पंचकूला सहित पूरे हरियाणा में पिछले 36 दिनों से हड़ताल पर चल रहे सफाई कर्मचारियों के समर्थन में जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) खुलकर सामने आई है। शुक्रवार को जेजेपी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सेक्टर-14 स्थित धरना स्थल पर पहुंचे और सफाई कर्मचारियों की महापंचायत में शामिल होकर उनकी मांगों का समर्थन किया।
जेजेपी जिला अध्यक्ष ओपी सिहाग की अगुआई में जेजेपी महिला प्रदेश प्रभारी किरण पूनिया, प्रदेश उपाध्यक्ष केसी भारद्वाज, हलका पंचकूला अध्यक्ष राजेश निषाद, युवा नेता मुकेश वाल्मीकि, जिला प्रवक्ता सुरेश पाठक, रणधीर पंवार सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने पंचकूला के अतिरिक्त उपायुक्त के माध्यम से हरियाणा के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से सफाई कर्मचारियों की सभी मांगें पूरी करने तथा बर्खास्त किए गए सभी कर्मचारियों को बहाल करने की मांग की गई।
महापंचायत को संबोधित करते हुए ओपी सिहाग ने कहा कि सफाई कर्मचारी हर शहर की रीढ़ हैं और सरकार उनकी जायज मांगों को अनदेखा नहीं कर सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार 13 मई को कर्मचारियों के साथ हुए समझौते को लागू करने से पीछे हट रही है, जो कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी है।
सिहाग ने कहा कि कर्मचारियों की मांगें मानने के बजाय कभी पुलिस के सहारे और कभी कर्मचारियों को बर्खास्त करके उनके साथ धक्केशाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं और सरकार को उनकी सभी मांगों का समाधान करना चाहिए, ताकि प्रदेश में सफाई व्यवस्था दोबारा पटरी पर लौट सके।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से चल रही हड़ताल के कारण सफाई कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक व मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से आमजन का जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। जेजेपी नेत्री किरण पूनिया और युवा नेता मुकेश वाल्मीकि ने भी महापंचायत में सफाई कर्मचारियों के समर्थन में अपनी बात रखी।