
राहुल गांधी के बालाघाट दौरे को लेकर मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधा है। भोपाल में पत्रकार वार्ता के दौरान शुक्ल ने कहा कि राहुल गांधी बालाघाट में केवल राजनीतिक माइलेज लेने के लिए आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र में कठिन परिस्थितियों के दौरान राहुल गांधी को लोगों के बीच आकर संवेदनशीलता दिखानी चाहिए थी।
राजेंद्र शुक्ल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में नक्सल गतिविधियां बढ़ी थीं और आतंकवाद को लेकर भी कांग्रेस की नीतियां जिम्मेदार रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को नक्सल समस्या के खिलाफ कार्रवाई का श्रेय देते हुए कहा कि बालाघाट अब नक्सल मुक्त होकर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
शुक्ल के मुताबिक, दिसंबर 2025 में क्षेत्र के नक्सल मुक्त होने के बाद दूरस्थ इलाकों में प्रशासनिक पहुंच और नियमित रिपोर्टिंग आसान हुई है। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में 14 नए स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। इनमें एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को 30-बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बदला गया है। इसके अलावा 2 नए पीएचसी, 2 सीएचसी और 10 उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए गए हैं।
#RahulGandhi #Balaghat #RajendraShukla #MadhyaPradesh #MPPolitics