सतना,भरहुत नगर में हाउसिंग बोर्ड के फरमान से हाहाकार, 40 साल पुरानी कॉलोनी में दुकानों पर ताले, सैकड़ों परिवारों पर रोजी-रोटी का संकट*
शहर की सबसे पुरानी भरहुत नगर कॉलोनी के रहवासी एकजुट हो गए हैं। 40 साल पुरानी इस कॉलोनी को फ्री-होल्ड करने की मांग तेज हो गई है।
रहवासियों का आरोप है कि हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन यंत्री ने रिटायरमेंट से ठीक एक दिन पहले आनन-फानन में कई दुकानदारों की लीज निरस्त कर दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से कॉलोनी की सैकड़ों दुकानों में ताले लट गए और सैकड़ों लोग बेरोजगार हो गए हैं।
दरअसल, हाउसिंग बोर्ड ने पूरे भरहुत नगर में व्यावसायिक गतिविधियों के लिए कोई प्लान ही नहीं रखा। मजबूरी में लोग 18 मीटर (60 फीट) चौड़ी मुख्य सड़क के किनारे, एक तरफ निजी तो दूसरी तरफ बोर्ड की जमीन पर छोटा-मोटा व्यवसाय कर अपना परिवार पाल रहे थे।
अब दुकानें बंद होने से लोगों को दूध, सब्जी, किराना जैसी रोजमर्रा की चीजों के लिए भी भटकना पड़ रहा है। रहवासियों ने कलेक्टर से हस्तक्षेप कर कॉलोनी को फ्री-होल्ड करने और लीज बहाल करने की मांग की है।