
गांव की पगडंडियों से शुरू हुआ फुटबॉल का सफर अब राष्ट्रीय मैदान तक पहुंच गया है। बलिया की तीन बेटियों ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर उत्तर प्रदेश की जूनियर बालिका फुटबॉल टीम में जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। सोनाडीह की सुनेना राजभर, सलोनी राजभर और टंगुनिया की नीति कुमारी अब यूपी की जर्सी में राष्ट्रीय स्तर पर अपना दमखम दिखाएंगी।
चयन के बाद अब तीनों खिलाड़ियों की नजर 10 से 25 सितंबर तक उन्नाव में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता पर है। यहां वे उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनके प्रदर्शन पर परिवार के साथ-साथ जिले के खेल प्रेमियों की भी नजर रहेगी।
किसी ने मजदूरी के बीच देखा सपना तो किसी ने विदेश से बेटी को दिया हौसला
इन खिलाड़ियों की सफलता इसलिए भी खास है, क्योंकि इनके सामने संसाधनों की कमी कभी बड़ी चुनौती रही। नीति कुमारी के पिता मजदूरी करते हैं, जबकि सलोनी के पिता फर्नीचर का कारोबार करते हैं। वहीं सुनेना के पिता विदेश में रहकर काम करते हैं। इसके बावजूद बेटियों ने परिस्थितियों को अपने सपनों के आड़े नहीं आने दिया और लगातार मैदान पर मेहनत करती रहीं।
तीनों के चयन की खबर मिलते ही उनके परिवारों और गांवों में खुशी का माहौल हो गया। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिला खेल सचिव अरविंद सिंह, शांतिभूषण मंटू, नंदलाल यादव और असलम राही समेत अन्य लोगों ने भी तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बलिया की इन बेटियों ने साबित कर दिया कि सुविधाएं सीमित हो सकती हैं, लेकिन सपने नहीं। मेहनत और हौसले के दम पर गांव की बेटियां भी बड़े मंच तक पहुंच सकती हैं। अब उन्नाव के राष्ट्रीय मैदान में इन तीनों के खेल का इंतजार है।
#ballia #belthararoad #Balliakhabar