
राष्ट्रीय खेल दिवस पर शासकीय महाविद्यालय जौरा में भव्य आयोजन
खेल प्रतिभाओं का सम्मान कर युवाओं को खेलों के प्रति किया प्रेरित
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शासकीय महाविद्यालय जौरा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, विद्यार्थियों, शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ तथा जनसामान्य ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के वेबकास्ट संदेश को देखा एवं सुना।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक श्री सुवेदार सिंह सिकरवार तथा विशेष अतिथि जनभागीदारी समिति के पूर्व अध्यक्ष श्री सियाराम सिंह सिकरवार रहे। कार्यक्रम में शासकीय महाविद्यालय जौरा के प्राचार्य डॉ. एच.एन. सिंह हाड़ा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक श्री प्रशांत कुशवाह, माय भारत के नोडल अधिकारी श्री दिलीप सुमन, कार्यक्रम सहायक श्री रामविलास शर्मा तथा खेल एवं युवा कल्याण की डीओसी सुश्री मनीषा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि पूर्व विधायक श्री सुवेदार सिंह सिकरवार ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और चुनौतियों का सामना करने की भावना विकसित होती है। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान एथलेटिक्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी, कराटे के मास्टर श्री राहुल गुप्ता, इंटरनेशनल वेटलिफ्टिंग खिलाड़ी श्री गौरव पचौरी तथा अंडर-50 नेशनल मास्टर्स खिलाड़ी श्री आदित्य माली को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सभी सम्मानित खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. जनक सिंह कुशवाह ने किया। आयोजन में महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ, जनसामान्य, विद्यार्थी, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं एनसीसी के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मान एवं उचित मंच उपलब्ध कराना तथा स्वस्थ, अनुशासित एवं सशक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena Jansampark Madhya Pradesh