
शैलेश लोढ़ा की हास्य कविताओं पर गूंजे ठहाके, वीर रस की रचनाओं ने जगाया देशभक्ति का जज्बा
उदयपुर दीपावली मेले की सातवीं शाम रही कवियों के नाम, देर रात तक काव्य रस में डूबे रहे श्रोता
उदयपुर। नगर निगम उदयपुर की ओर से आयोजित विश्वप्रसिद्ध दीपावली मेला-2026 की सातवीं शाम साहित्य और कविता के नाम रही। नगर निगम प्रांगण में आयोजित भव्य कवि सम्मेलन में देश के ख्यातनाम कवियों ने हास्य, वीर, श्रृंगार और ओज रस की रचनाओं से ऐसा समां बांधा कि श्रोता देर रात तक अपनी जगह पर जमे रहे। कभी हास्य कविताओं पर पूरा पांडाल ठहाकों से गूंज उठा तो कभी वीर रस की ओजस्वी रचनाओं ने श्रोताओं में देशभक्ति का उत्साह भर दिया।
कवि सम्मेलन का शुभारंभ महापौर पारस सिंघवी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य अतिथियों ने मां सरस्वती एवं भगवान गणेश के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
शैलेश लोढ़ा की प्रस्तुतियों पर लगे ठहाके
कवि सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण प्रसिद्ध कवि एवं टीवी कलाकार शैलेश लोढ़ा रहे। उन्हें सुनने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी मेला प्रांगण पहुंचे। मंच पर आते ही तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया गया। लोढ़ा ने अपने चिर-परिचित हास्य और व्यंग्यात्मक अंदाज में संस्कृति, इतिहास और रोजमर्रा के जीवन से जुड़े विषयों को कविताओं के माध्यम से प्रस्तुत किया। उनकी हर प्रस्तुति पर श्रोता ठहाके लगाते नजर आए।
पारिवारिक रिश्तों पर संजय झाला ने बांधा समां
दौसा के कवि संजय झाला ने पारिवारिक रिश्तों की अहमियत को हास्य के अंदाज में प्रस्तुत किया। भाई, बहन, पिता, मां और बेटी के रिश्तों पर आधारित उनकी पंक्तियों ने खूब तालियां बटोरीं। वहीं लुगाई की हंसी को जेब की सफाई बताने वाली पंक्ति पर पांडाल ठहाकों से गूंज उठा।
विष्णु सक्सेना की प्रेम कविताओं ने छुआ दिल
हाथरस के प्रसिद्ध कवि डॉ. विष्णु सक्सेना ने प्रेम और रिश्तों की गहराई को अपनी भावपूर्ण रचनाओं के माध्यम से प्रस्तुत किया। उनकी कविता की पंक्तियां 'जमीं से पांव का रिश्ता न टूटने पाए' ने श्रोताओं को जीवन में जमीन से जुड़े रहने का संदेश दिया। बेटियों के महत्व और सम्मान पर भी उन्होंने प्रभावशाली काव्य पाठ किया।
शशि श्रेया के श्रृंगार रस ने मोहा मन
लखनऊ की कवयित्री शशि श्रेया ने श्रृंगार रस की रचनाओं से काव्य संध्या में प्रेम और संवेदनाओं के रंग बिखेरे। उनकी कविताओं पर श्रोताओं ने जमकर दाद दी और तालियों से उत्साहवर्धन किया।
जगदीश सोलंकी की कविताओं ने जगाया देशभक्ति का जज्बा
कोटा के वीर रस के कवि जगदीश सोलंकी ने भारतीय सैनिकों के साहस और मां की ममता को अपनी ओजस्वी कविताओं में पिरोया। बर्फीली चट्टानों पर तिरंगा फहराने वाले सैनिकों के शौर्य का वर्णन सुनकर श्रोता भावुक हो उठे। इस दौरान पूरा पांडाल भारत माता की जय के उद्घोष से गूंज उठा।
राव अजातशत्रु ने सुनाई मेवाड़ की गौरवगाथा
मेवाड़ के कवि राव अजातशत्रु ने अपनी रचनाओं के माध्यम से मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास, वीरता और स्वाभिमान को जीवंत किया। उन्होंने मेवाड़ की अस्मिता और वीरांगना पद्मिनी के जौहर की परंपरा का उल्लेख करते हुए श्रोताओं में मेवाड़ी गौरव का भाव जगाया।
चेतन चर्चित की हास्य रचनाओं ने खूब गुदगुदाया
नई दिल्ली से आए हास्य कवि चेतन चर्चित ने अपनी व्यंग्यात्मक और हास्यपूर्ण रचनाओं से श्रोताओं को खूब हंसाया। जीवन की चुनौतियों और सकारात्मक सोच को अपनी कविताओं में पिरोते हुए उन्होंने दीप जलाने और दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने का संदेश दिया।
कवि सम्मेलन में शैलेश लोढ़ा, जगदीश सोलंकी, डॉ. विष्णु सक्सेना, राव अजातशत्रु, संजय झाला, शशि श्रेया और चेतन चर्चित ने अपनी प्रस्तुतियों से काव्य प्रेमियों को मंत्रमुग्ध किया।
शाम से ही भरने लगा था मेला प्रांगण
निगम उपायुक्त एवं मेला अधिकारी हरि सिंह देवल ने बताया कि कवि सम्मेलन शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में शहरवासी मेला प्रांगण पहुंच गए थे। गुलाबी ठंड के बीच देर रात तक चले आयोजन में श्रोता अंत तक डटे रहे। कवियों की प्रस्तुतियों पर लगातार बजती तालियों ने आयोजन को यादगार बना दिया।