
24 जून को टाउन हॉल में एलईडी स्क्रीन पर दिखेगा राहुल गांधी का संदेश
नीट पेपर लीक और युवाओं के मुद्दों पर होगा संवाद, तैयारियों को लेकर कांग्रेस की बैठक संपन्न
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागोरी) कांग्रेस द्वारा 24 जून को नगर निगम टाउन हॉल स्थित महाराणा प्रताप सभागार में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के छात्रों और युवाओं से जुड़े संदेश का बड़ी एलईडी स्क्रीन पर सामूहिक प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी शहर की बैठक आयोजित हुई।
जिलाध्यक्ष शिवराम जी.पी. खटीक ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक, छात्रों के भविष्य और युवाओं के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं, छात्र-युवाओं और आम नागरिकों की भागीदारी रहेगी।
बैठक में कार्यक्रम की जिम्मेदारियां तय की गईं। साथ ही शिवराम खटीक ने कांग्रेस कार्यालय में अपने कक्ष में पहली बार विधिवत कार्यभार संभालते हुए संगठनात्मक गतिविधियों की नई शुरुआत की। कार्यक्रम में एआईसीसी राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर एवं पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री नसीम अख्तर इंसाफ के शामिल होने का भी प्रस्तावित कार्यक्रम है।