Public App Logo
डीएवी पब्लिक विद्यालय जोगिंदर नगर में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस जोगिंदर नगर/पंकज पालिया। डीएवी पब्लिक विद्यालय जोगिंदर नगर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय ठाकुर ने ध्वजारोहण कर किया। इसके पश्चात विद्यालय परिसर में राष्ट्रगान गूंजा और सभी ने राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना व्यक्त की। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत समूह नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। वहीं विद्यालय के शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत समूह गीत ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। इस अवसर पर शिक्षिकाओं दिव्या और प्रिया ने सुंदर कविता । की। शिक्षक नितेश ठाकुर तथा हेड बॉय दक्ष राणा (सीनियर), आरव राव (जूनियर) और हेड गर्ल अवनी ठाकुर (जूनियर) ने अपने विचार साझा करते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जोगिंदर नगर में आयोजित परेड में विद्यालय के 25 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जबकि 20 विद्यार्थियों ने समूह गीत में शानदार प्रस्तुति देकर विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय ठाकुर ने सभी विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और विकास को मजबूत करने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा विद्यार्थियों को पूरी निष्ठा के साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। समारोह के दौरान विद्यालय परिसर पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, एकता, अनुशासन और देश के प्रति कर्तव्य की भावना को और मजबूत किया। - Jogindarnagar News