त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने सड़कों पर परखी सुरक्षा व्यवस्था
कोतवाली शहर और सुरसा क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के दिए निर्देश
हरदोई। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने कोतवाली शहर और सुरसा थाना क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की चेकिंग की और उनकी मुस्तैदी परखी।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें और क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखें। उन्होंने कानून व्यवस्था से जुड़ी किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
एसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Hardoi, Hardoi | Nov 6, 2026