
एक ही रात में 8 घरों से 9 मोबाइल चोरी, ग्रामीणों ने खोज निकाले 4 फोन
अमेठी। मुसाफिरखाना क्षेत्र की ग्रामसभा रामशाहपुर के मजरा डारीडीहा में चोरों ने एक ही रात में आठ घरों को निशाना बनाते हुए नौ मोबाइल फोन चोरी कर लिए। सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया और पीड़ित परिवारों के साथ ग्रामीण मोबाइल फोनों की तलाश में जुट गए।
बताया गया कि प्रिंस मौर्य, भागीरथी मौर्य, अजय मौर्य, प्रताप चौकीदार, रमाकांत मिश्रा व उनकी पत्नी तथा पवन मौर्य समेत कई लोगों के मोबाइल फोन चोरी हो गए। ग्रामीणों ने मोबाइल की लोकेशन के आधार पर खोजबीन शुरू की और चंदौकी गांव से चार मोबाइल फोन बरामद कर लिए।
घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे। ग्रामीणों का आरोप है कि इतनी बड़ी चोरी की घटना होने के बावजूद स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी तक नहीं थी। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी विवेक कुमार सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था और जानकारी मिलते ही एक पुलिसकर्मी को मौके पर भेजा गया।
ग्रामीणों ने शेष मोबाइल फोनों की बरामदगी, घटना के शीघ्र खुलासे तथा चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल बरामद मोबाइल फोनों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है, जबकि अन्य मोबाइलों की तलाश जारी है।
#MobileTheft #Musafirkhana #Amethi #CrimeNews #BreakingNews #UPPolice #VillageNews #AmethiNews #KhabarPublicNewsAmethi #ViralNews #UttarPradesh
Amethi, Amethi | Jun 6, 2026