
डीडवाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में चल रहे साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार
डीडवाना।ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में बैंक खाते किराए पर लेकर साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का डीडवाना पुलिस और डीएसटी टीम ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंक दस्तावेज और नगदी जब्त की है।
*मुखबिर की सूचना पर रेड, किराए के कमरे से चल रहा था नेटवर्क*
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कोलिया में श्याम जी मार्ग पर दिनेश जेवलिया के मकान के पीछे बाड़े में बने एक कमरे में ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में साइबर ठगी का अड्डा चलाया जा रहा है।सूचना मिलते ही थानाधिकारी मोहनसिंह मय जाब्ता व डीएसटी टीम मौके पर पहुंचे और नियमानुसार दबिश दी। मौके से पुलिस ने तीन आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया।जिसमे दिनेश (32 वर्ष) पुत्र जेसाराम उर्फ जसाराम जेवलिया, निवासी कोलिया घनश्याम (22 वर्ष) पुत्र सोहनराम जेवलिया, निवासी जेवलिया का बास कोलिया गिरधारी (26 वर्ष) पुत्र रामूराम थालोड, निवासी छिंडालिया थाना मकराना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 04 लैपटॉप (मय चार्जर व स्टैंड), 19 मोबाइल फोन (मय 5 चार्जर), 10 चेकबुक, 10 बैंक डायरी, 51 एटीएम कार्ड, 1 डांगल, 2 पेमेंट स्कैनर, 3 नोटबुक, 1 हिसाब-किताब की डायरी, बैंक स्टेटमेंट का बंडल, एक एक्सटेंशन बोर्ड और 96,820 रुपये की नगदी जब्त की है।
*यह था ठगी का तरीका*
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सीधे-साधे और अनजान लोगों को पैसों का लालच देकर उनके बैंक खाते किराए पर लेते थे। इसके बाद फर्जी सिम, फर्जी टेलीग्राम आईडी, व्हाट्सएप बिजनेस और फेसबुक आईडी के जरिए लोगों को गेमिंग व अन्य प्रलोभन देकर ठगी की राशि इन किराए के खातों में जमा व विड्रॉल करवाते थे।पुलिस ने मामला दर्ज कर गिरोह के अन्य नेटवर्क और खातों के संबंध में गहन अनुसंधान शुरू कर दिया है।