
पंचायत समिति भुसावर में सहायक अभियंता 30,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
भरतपुर - भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने भरतपुर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत समिति भुसावर में तैनात सहायक अभियंता गोविन्द प्रसाद को 30,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसीबी एडिशनल एसपी अमित सिंह ने बताया कि एसीबी चौकी भरतपुर को एक परिवादी ने शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि परिवादी संवेदक है और उसके तथा सह-परिवादी की माप पुस्तिका (MB) और कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र को सत्यापित कर हस्ताक्षर करने की एवज में सहायक अभियंता गोविन्द प्रसाद द्वारा 30,000 रुपये की रिश्वत की मांग कर परेशान किया जा रहा था।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर ट्रैप की योजना बनाई गई।
टीम ने आज निर्धारित योजना के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी गोविन्द प्रसाद, सहायक अभियंता, पंचायत समिति भुसावर को परिवादी से 30,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप कर लिया। मौके से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है।
एसीबी महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ और अग्रिम कार्रवाई जारी है। ब्यूरो द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया जाएगा।