
करीब 9 महीने से अपने परिवार से बिछड़ा बिहार के पूर्णिया जिले के भवानीपुर निवासी मुहम्मद रेहान आखिरकार अपने परिजनों से मिल गया। बलिया में मिले रेहान को सागर सिंह राहुल के सहयोग से उसके परिवार तक पहुंचाया गया। लंबे इंतजार के बाद जब रेहान की नानी और मौसी ने उसे सामने देखा और गले लगाया तो भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला।
बताया गया कि रेहान के पिता के निधन के बाद उसकी मां बच्चों को लेकर दिल्ली चली आई थीं। परिवार की आजीविका चलाने के लिए वह यहां घरेलू काम करती थीं। इसी दौरान जनवरी 2025 में रेहान घर से निकल गया और भटक गया। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की। दिल्ली के थाने में भी सूचना दी गई, लेकिन लंबे समय तक रेहान का कोई सुराग नहीं मिल सका। परिवार उसकी वापसी की उम्मीद लगाए बैठा था।
इसी बीच सोमवार को परिजनों को फोन के जरिए सूचना मिली कि रेहान नाम का एक लड़का बलिया जनपद में मिला है। खबर मिलते ही परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। साधनों की कमी के बावजूद रेहान की नानी और मौसी करीब 48 घंटे का सफर तय कर पूर्णिया से बलिया पहुंचीं और यहां पहुंचते ही रेहान को गले लगा लिया।
इन दो दिनों के दौरान सागर सिंह राहुल और उनके परिवार सहित सहयोगी साथियों ने रेहान की देखभाल की और उसके परिजनों से मिलाने में पूरी मदद की। परिवार के लोगों ने रेहान की सकुशल घर वापसी में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया और जाते समय सागर सिंह राहुल समेत उनके परिवार और सहयोगियों को ढेरों दुआएं दीं।
गौरतलब है कि सागर सिंह राहुल लगातार ऐसे भटके और बिछड़े लोगों को उनके परिवारों से मिलाने में सहयोग करते रहे हैं। जरूरतमंद लोगों की मदद और अपनों से बिछड़े लोगों को उनके घर तक पहुंचाने की उनकी पहल एक बार फिर सामने आई है। रेहान के परिवार से मिलन के बाद स्थानीय लोगों ने भी सागर सिंह राहुल के इस प्रयास की सराहना की।
#Rehan #Balliakhabar #MissingChild #familyreunion #sagarsinghrahul #sagarsingh #humanity #SocialWorker #HelpAndHope #Balliakhabar #BiharNews #UPNews #viralnews