सीलबंद लिफाफे में सुई से छेद फिर 'एंडोस्कोपी' कैमरे से फोटो खींचकर कृषि परीक्षा का पेपर लीक, प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार
रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में पेपर लीक का अनोखा मामला सामने आया है। दुर्ग के भारती कृषि महाविद्यालय के प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया ने सीलबंद लिफाफे में सुई से बारीक छेद किया। फिर मेडिकल एंडोस्कोपी कैमरा डालकर BSc. एग्रीकल्चर प्रश्नपत्र की तस्वीरें खींच लीं, प्रोफेसर ने हाथ से लिखकर यह पेपर छात्रों को ₹11,000–₹12,000 में बेचा, जो परीक्षा से 2 घंटे पहले व्हाट्सएप पर वायरल हो गया। पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जांच कमेटी गठित की गई है। रद्द हुई यह परीक्षा अब सितंबर 2026 के पहले सप्ताह में दोबारा होगी। प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया, अजय नायक, त्रिदेव पटेल, नितिन पांडेय, अनुज मिंज, आदित्य साहू गिरफ्तार हैं।