
*भाई दूज पर रतनगढ़ माता मेले को लेकर लहार एसडीओपी ने थाना प्रभारियों को दिए यातायात व्यवस्था के निर्देश*
*लहार-:* दतिया जिले के प्रसिद्ध रतनगढ़ माता मंदिर पर भाई दूज के अवसर पर *लख्खी* मेले का आयोजन चल रहा है। मेले में बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों से *श्रद्धालुओं* का आवागमन हो रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए *लहार एसडीओपी श्री प्रवीण त्रिपाठी* ने अनुभाग के सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
लहार एसडीओपी *श्री त्रिपाठी* ने रावतपुरा, दबोह, आलमपुर, लहार, असवार एवं मिहोना थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों के मुख्य मार्गों पर विशेष निगरानी रखें तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखें।
*उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए* कि मार्गों पर भारी वाहनों का आवागमन नहीं होना चाहिए। एक ट्रैक्टर के पीछे दो ट्रॉलियां लगाकर निकलने वाले वाहनों पर रोक लगाई जाए। इसके साथ ही तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले चालकों को रोककर समझाइश दी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
*निर्देशों के तहत* रावतपुरा थाना प्रभारी परशुराम अहिरवार, असवार थाना प्रभारी देवीदीन अनुरागी, दबोह थाना प्रभारी रवि उपाध्याय, आलमपुर थाना प्रभारी सोहनीष तोमर, लहार थाना प्रभारी राम शर्मा एवं मिहोना थाना प्रभारी रोहित गुप्ता को अपने-अपने क्षेत्रों में मुख्य मार्गों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
*लहार एसडीओपी श्री प्रवीण त्रिपाठी* ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी सतर्कता बरते।