
गोपालनगर स्कूल मामले में उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस, दो दिन में मांगा स्पष्टीकरण
..
विकासखंड सिरोंज के प्राथमिक/माध्यमिक शाला गोपालनगर में छत का प्लास्टर गिरने से एक छात्रा के घायल होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया ने जनपद शिक्षा केंद्र सिरोंज के उपयंत्री अनिल शर्मा को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है।
जारी नोटिस में कहा गया है कि तकनीकी दृष्टि से प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि दुर्घटना का कारण छत से पानी का रिसाव, वाटरप्रूफिंग कार्य का ठीक ढंग से नहीं होना तथा सरियों में जंग लग जाना रहा, जिसके कारण छत का प्लास्टर गिरा। विभाग के अनुसार खंड स्तर पर शाला भवनों के तकनीकी पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी उपयंत्री की होती है। ऐसे में नियमित निरीक्षण कर भवन की जर्जर स्थिति का आकलन करना तथा आवश्यकता होने पर कक्षाओं के संचालन की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी थी।
नोटिस में उल्लेख किया गया है कि गोपालनगर विद्यालय में हुई घटना से स्पष्ट होता है कि संबंधित उपयंत्री तकनीकी पर्यवेक्षण के दायित्वों के निर्वहन में विफल रहे। साथ ही, संपर्क किए जाने पर वे यह भी स्पष्ट नहीं कर सके कि संबंधित विद्यालय भवन का निर्माण किस एजेंसी द्वारा कराया गया था।
जिला शिक्षा केंद्र ने उपयंत्री अनिल शर्मा को निर्देश दिए हैं कि पत्र प्राप्त होने के दो दिवस के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण जिला शिक्षा केंद्र, विदिशा में प्रस्तुत करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में उत्तर प्राप्त नहीं होने पर एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उनकी संविदा सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारी की होगी। #Vidisha