
एमिटी यूनिवर्सिटी के बाहर से विधायक जनार्दन पासवान के बेटे के अपहरण की सूचना, पुलिस ने कुछ ही देर में किया सकुशल बरामद
रांची: विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के बाहर सोमवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चतरा विधायक जनार्दन पासवान के छोटे बेटे सौरभ के कथित अपहरण की सूचना सामने आई। घटना शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सौरभ को कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर थार वाहन से जबरन ले जाने की बात सामने आई। इसके बाद आरोपी स्कॉर्पियो से मौके से निकल गए। घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस हरकत में आई और इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान शुरू कर दिया।
पुलिस की तत्परता से सकुशल बरामद हुआ सौरभ
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस की तत्परता के बाद एमिटी यूनिवर्सिटी के समीप से विधायक के पुत्र सौरभ को सकुशल बरामद कर लिया गया। विधायक जनार्दन पासवान ने भी अपने बेटे की सकुशल बरामदगी की पुष्टि की है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
विधायक जनार्दन पासवान के अनुसार, उनके बेटे के साथ मारपीट की गई और उसे जबरन वाहन में बैठाकर ले जाया गया। सौरभ रांची स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करता है।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे कौन लोग शामिल थे और आखिर सौरभ को कथित तौर पर क्यों ले जाया गया।
सौरभ की सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों और समर्थकों ने राहत की सांस ली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना की वास्तविक वजह तथा आरोपियों की भूमिका सामने आने का इंतजार है।
Kanke, Ranchi | Sep 7, 2026