
#नालंदा - तुंगी हाल्ट के पास रेलवे ट्रैक किनारे मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मोबाइल फोन से हुई मृतक की पहचान, पुलिस ने एफएसएल टीम से कराई जांच
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
नालंदा: बख्तियारपुर-राजगीर रेलखंड पर स्थित तुंगी हाल्ट के पास मंगलवार की देर शाम रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मानपुर थाना क्षेत्र के अलौदिया सराय निवासी स्वर्गीय नरेश पासवान के 32 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार उर्फ कारू पासवान के रूप में हुई है। वह पेशे से मजदूर था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद दीपनगर थाने की पुलिस और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। अजीत अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गया है। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके तीन भाइयों और पिता का पहले ही निधन हो चुका है।
परिजनों ने ट्रेन हादसे से किया इनकार, हत्या की जताई आशंका
मृतक के चचेरे भाई एवं राजगीर विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी सत्येंद्र पासवान ने घटना को सामान्य ट्रेन हादसा मानने से इनकार किया है। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि अजीत का किसी से कोई विवाद नहीं था। शव की स्थिति और घटनास्थल पर बिखरे सामान को देखकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि ट्रेन से टक्कर हुई होती तो शरीर पर घिसटने या अन्य गंभीर चोटों के निशान होते, जबकि मृतक के सिर में गहरी चोट है और उसका सामान रेलवे ट्रैक से काफी दूर बिखरा मिला है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
पुलिस का क्या है कहना
दीपनगर थाने के अपर थानाध्यक्ष विमलेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि चलती ट्रेन से उतरने के दौरान संतुलन बिगड़ने से युवक नीचे गिर गया, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। घटनास्थल से एफएसएल की टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Rahui, Nalanda | Nov 11, 2026