
सहरसा पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, एसपी ने 107 पुलिस अधिकारियों का किया तबादला
दो वर्षों से एक ही जगह तैनात अधिकारियों का बदला कार्यक्षेत्र, सिमरी बख्तियारपुर समेत कई थानों में नए पदाधिकारी तैनात
सहरसा जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं प्रशासनिक दृष्टि से सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने बड़े पैमाने पर पुलिस अधिकारियों का तबादला किया है। एसपी द्वारा जारी जिलादेश के अनुसार जिले के विभिन्न थानों, पुलिस केंद्रों एवं शाखाओं में लंबे समय से कार्यरत कुल 107 पुलिस पदाधिकारियों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर दिया गया है। जारी आदेश के मुताबिक दो वर्षों से अधिक समय से एक ही थाना या शाखा में पदस्थापित अधिकारियों को नए कार्यस्थलों पर भेजा गया है। तबादले के तहत पुलिस केंद्र सहरसा में पदस्थापित इंस्पेक्टर कृष्ण प्रसाद सिंह को साइबर थाना का प्रभारी बनाया गया है। वहीं सदर थाना के अपर थानाध्यक्ष मो. शोएब अख्तर को सिमरी बख्तियारपुर थाना का नया अपर थानाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा सदर थाना में तैनात प्रोबेशनरी सब-इंस्पेक्टर सन्नी कुमार को सौरबाजार थाना, दिव्या कुमारी को बसनही थाना तथा मुकेश यादव को बिहरा थाना भेजा गया है। बनगांव थाना से टिंकल शर्मा का स्थानांतरण सौरबाजार, चिरंजीवी प्रसाद तिवारी का सलखुआ तथा कृष्ण मोहन झा का बसनही थाना किया गया है। जिले के विभिन्न थानों में तैनात सहायक अवर निरीक्षकों, नवप्रोन्नत पुलिस पदाधिकारियों एवं ईआरवी वाहनों पर तैनात कर्मियों के कार्यक्षेत्र में भी व्यापक बदलाव किया गया है। दूसरे आदेश के तहत सात अन्य पुलिस पदाधिकारियों के दायित्वों में भी बदलाव किया गया है। सुदामा कुमार सिंह को प्रभारी परिचारी प्रवर, पुलिस केंद्र से स्थानांतरित कर प्रभारी विधि शाखा बनाया गया है। नवप्रोन्नत चंदन कुमार को परिचारी प्रवर, पुलिस केंद्र सहरसा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अंजना प्रकाश को प्रभारी आरएमएस शाखा के साथ रक्षित अवर निरीक्षक, द्वितीय पुलिस केंद्र सहरसा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने सभी स्थानांतरित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने पास लंबित सभी कांडों एवं अभिलेखों का विधिवत प्रभार संबंधित थानाध्यक्ष को सौंपकर तत्काल नए पदस्थापन स्थल पर योगदान दें तथा इसकी अनुपालन रिपोर्ट पुलिस कार्यालय को उपलब्ध कराएं। इस व्यापक फेरबदल को जिले में पुलिस प्रशासन को अधिक गतिशील और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Rajauli, Nawada | Jul 15, 2026