
यूपी पुलिस वार्षिक खेल प्रतियोगिता-2026 में चमके संतकबीरनगर पुलिस के खिलाड़ी, एसपी ने किया सम्मानित
महिला वॉलीबॉल टीम ने जीता प्रथम स्थान, जूडो प्रतियोगिता में मुख्य आरक्षी रामू प्रसाद ने हासिल किया कांस्य पदक
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर श्री संदीप कुमार मीना के कुशल निर्देशन में जनपद के पुलिस खिलाड़ियों ने वर्ष 2026 में आयोजित विभिन्न पुलिस खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक ने सभी को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
गोरखपुर जोन की अंतरजनपदीय पुलिस वॉलीबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 17 से 19 जून तक जनपद कुशीनगर में हुआ, जिसमें संतकबीरनगर पुलिस की महिला वॉलीबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, 34वीं वाहिनी पीएसी वाराणसी में 21 से 24 जून तक आयोजित 51वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 में मुख्य आरक्षी रामू प्रसाद ने 90 किलोग्राम भार वर्ग की बुशु स्पर्धा में तृतीय स्थान हासिल कर जिले का मान बढ़ाया।उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी आठ खिलाड़ियों को पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना द्वारा ₹5,100-₹5,100 (कुल ₹40,800) की नगद पुरस्कार राशि, ट्रैकसूट, जूते, किटबैग तथा तीन-तीन दिन का पारितोषिक अवकाश प्रदान कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि खेलों में सक्रिय भागीदारी पुलिस कर्मियों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन, टीम भावना और कार्यकुशलता को मजबूत करती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।पुरस्कृत खिलाड़ियों में महिला उपनिरीक्षक सरिता नागवंशी, महिला उपनिरीक्षक शीला यादव, महिला मुख्य आरक्षी लालमुनी गुप्ता, महिला आरक्षी किरन यादव, महिला आरक्षी आकृति सिंह, महिला आरक्षी प्रिया राय, महिला आरक्षी नरीना सिंह तथा मुख्य आरक्षी रामू प्रसाद शामिल रहे।