
#सेवा_संकल्प_अभियान के अंतर्गत पीएमसीओई महाराजा भोज शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धार में रेडक्रॉस समिति द्वारा महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म के दौरान आवश्यक सावधानियों, संतुलित आहार तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.एस. बघेल के संरक्षण में आयोजित कार्यक्रम में जिला अस्पताल की नोडल अधिकारी डॉ. नंदिता निगम मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सुलोचना पाटिल ने की।
*स्वस्थ नारी ही सशक्त भारत का आधार*
मुख्य वक्ता डॉ. नंदिता निगम ने कहा कि नारी शक्ति का पुंज है और युवा छात्राएं सशक्त भारत का भविष्य हैं। इसलिए प्रत्येक छात्रा के लिए अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना और उसकी देखभाल करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का अभाव अनेक बीमारियों का कारण बनता है। कोरोना महामारी के दौरान मास्क का उपयोग और बार-बार हाथ धोने जैसी स्वच्छता संबंधी आदतों ने संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी प्रकार दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाकर भी अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है।
*मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता पर विशेष जोर*
डॉ. निगम ने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए बालों, नाखूनों एवं शरीर को स्वच्छ रखने की सलाह दी। उन्होंने विशेष रूप से मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई का ध्यान रखने तथा सैनिटरी पैड को निर्धारित समय पर बदलने की आवश्यकता बताई। उन्होंने समझाया कि लंबे समय तक एक ही पैड का उपयोग करने और स्वच्छता में लापरवाही बरतने से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। संक्रमण की गंभीर स्थिति में प्रजनन स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसलिए छात्राओं को अपने शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना चाहिए।
*संतुलित आहार और नियमित व्यायाम अपनाने की सलाह*
विशेष व्याख्यान में छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली के लिए संतुलित आहार, पर्याप्त प्रोटीन, ताजे फल, हरी सब्जियों और पर्याप्त पानी के सेवन का महत्व बताया गया। डॉ. निगम ने नियमित योग एवं व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह देते हुए कहा कि स्वास्थ्य के प्रति सजगता और स्वच्छता की अच्छी आदतें जीवनभर लाभकारी होती हैं।
*प्रश्नोत्तरी आयोजित, छात्रा को मिनी सिलाई मशीन प्रदान की*
कार्यक्रम के दौरान विषय से संबंधित प्रश्नोत्तरी का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागी छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। रेडक्रॉस समिति की ओर से छात्रा सपना भूरिया को मिनी सिलाई मशीन प्रदान की गई।
#SevaSankalpAbhiyan
Jansampark Madhya Pradesh