कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के विभागवार निराकरण, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों, विभिन्न आयोगों से संबंधित शिकायतों, स्वामित्व योजना, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य विभागीय विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री मीना ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत प्राप्त प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी विभाग अपने यहां लंबित शिकायतों का गंभीरता से निराकरण करें। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का एल-1 स्तर पर ही संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही न बरती जाए तथा लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाए।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने ई-केवाईसी पूर्ण नहीं होने के कारण लंबित प्रकरणों को निराकृत किए जाने के निर्देश दिए। जिससे पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्राप्त प्राप्त हो। स्वास्थ्य विभाग में ई-केवाईसी से संबंधित लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए प्रशिक्षण आयोजित करने को भी कहा, ताकि प्रकरणों का समय पर निराकरण किया जा सके।
कलेक्टर ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत समय-सीमा से बाहर हुए प्रकरणों की समीक्षा की। जनपद पंचायत डही स्तर पर प्रकरण लंबित पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत डही का तीन दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। विभिन्न आयोगों से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित प्रकरणों के प्रभारी अधिकारियों को भी शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वामित्व योजना के अंतर्गत रजिस्ट्री की कार्यवाही की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने समस्त पटवारियों को इस कार्य में सक्रिय रूप से लगाने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं राजस्व निरीक्षकों को भी कार्य में शामिल करने को कहा। उन्होंने समस्त अनुविभागीय अधिकारियों राजस्व को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र में योजना के कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा रजिस्ट्री से संबंधित लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराएं। भूमि आवंटन से संबंधित प्रकरणों का भी प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिले में अल्प वर्षा की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर ने नल-जल योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने जल निगम एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से योजनाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए पूछा कि कितनी योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, कितनी हस्तांतरित की जा चुकी हैं, कितनी संचालित हैं तथा कितनी बंद हैं। उन्होंने बंद योजनाओं की स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने तथा पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने नल-जल योजनाओं के सुचारु संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। इसके लिए जनपद पंचायतों के अधिकारियों तथा सहायक यंत्रियों का प्रशिक्षण आयोजित करने को कहा। उन्होंने पेयजल परिरक्षण अधिनियम के अंतर्गत आवश्यक प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर श्री मीना ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पेयजल आपूर्ति सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अपने स्तर पर संबंधित विभागों की बैठक आयोजित कर कार्ययोजना तैयार करें तथा पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए पेयजल संबंधी समस्याओं का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने नगरपालिका अधिकारी को शहर के मुख्य मार्गों पर प्रतिदिन नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी की जाए तथा निर्धारित दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया जाए।
बैठक में विभिन्न विभागों के समयावधि पत्रों एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निराकरण गंभीरता और प्राथमिकता के साथ किया जाए। उन्होंने लंबित मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्यवाही पूर्ण करने पर जोर दिया। बैठक में अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
11 views | Dhar, Madhya Pradesh | Oct 12, 2026