
49 माह से चल रहे गोसेवार्थ महागोप्रसादी का संकल्प अभियान,
गौमाता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने के लिए एकजुट होने का आह्वान
बीकानेर।गजनेर रोड स्थित श्री गंगा जुबली गौशाला में गोपाष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। बालसंत डॉ. श्री छैल बिहारी महाराज के सानिध्य एवं गोसेवी देवकिशन चांडक (देवश्री) के संयोजन में पिछले 49 महीनों से संचालित गोसेवार्थ महागोप्रसादी संकल्प अभियान के तहत विशेष आयोजन हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गोभक्त परिवारों ने गौमाता का पूजन, सेवा और आरती कर पुण्य लाभ अर्जित किया। गौशाला परिसर में दिनभर भक्ति और धर्ममय वातावरण बना रहा।
*संतों ने बताए गौसेवा और संस्कारों के महत्व*
गोपाष्टमी के अवसर पर बरसाना धाम के पूज्य हनुमान बाबा महाराज ने विधि-विधान से गौमाता का पूजन किया। उन्होंने अपने प्रवचन में कहा कि गौमाता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने के लिए सभी को एकजुट होना पड़ेगा। गौमाता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का आधार हैं। उनकी सेवा और संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए। राष्ट्रीय संत श्री सरजूदास जी महाराज ने कहा कि सनातन संस्कृति को जीवित रखने में ऐसे धार्मिक आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका
निभाते हैं। धार्मिक परंपराओं और संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए समाज को निरंतर ऐसे आयोजन करते रहना चाहिए। गौसेवा केवल धार्मिक कार्य नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। बालसंत श्री छैल बिहारी महाराज ने कहा कि बच्चों में संस्कारों का
बीजारोपण करने के लिए गौशाला से बड़ा स्थान कोई नहीं हो सकता। यहां बच्चे सेवा, समर्पण, दया और करुणा के भाव सीखते हैं। गौमाता की सेवा से बच्चों में धर्म और संस्कृति के प्रति श्रद्धा विकसित होती है। उन्होंने भक्ति, श्रद्धा और प्रभु के प्रति समर्पण भाव का भी सुंदर वर्णन किया।