
निवाड़ी जिले में 17 सितंबर से शुरू होगा 'सेवा संकल्प अभियान'
आशीर्वाद का दीया (17 सितंबर 2026) : श्री रामराजा लोक (ओरछा) में 11 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे
--
मध्य प्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के अनुपालन में निवाड़ी जिले में 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक महीने भर चलने वाले "सेवा संकल्प अभियान" का भव्य आयोजन किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य जनसेवा, जनभागीदारी, शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार, पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करना, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।
इस अभियान के सुचारू एवं सफल संचालन के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) श्री रोहन सक्सेना को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अभियान के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं।
अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली प्रमुख गतिविधियाँ:
1. आशीर्वाद का दीया (17 सितंबर 2026)
* समय: सायंकाल 07:00 बजे।
* पूरे जिले में एक साथ बड़े पैमाने पर दीप प्रज्वलन का आयोजन किया जाएगा।
* श्री रामराजा लोक (ओरछा) में 11 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
* जिले के 10 आइकॉनिक स्थलों—जैसे रामराजा मंदिर ओरछा, कंचना घाट, लक्ष्मी मंदिर, शीश महल, अछरू माता, तारामाई मंदिर, गढ़ कुंडार, गिद्धवासिनी मंदिर, काली मंदिर पहाड़ी, राधा सागर तालाब और वीर सागर तालाब पर दीप जलाए जाएंगे।
* प्रत्येक ग्राम पंचायत में न्यूनतम 500 दीपक तथा नगर परिषद वार्ड में न्यूनतम 250 दीपक प्रज्वलित होंगे।
* हितग्राही और नागरिक अपने दीप प्रज्वलन के फोटो, वीडियो तथा रील्स पोर्टल (www.modiat25.in) पर अपलोड कर सकेंगे।
2. स्वास्थ्य शिविर एवं रक्तदान (17 सितंबर 2026)
* जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, सिविल अस्पतालों और जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे।
* इसके नोडल अधिकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) निवाड़ी होंगे।
3. मेरे सपनों का भारत - चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता (19 सितंबर से 05 अक्टूबर 2026)
* जिला स्तर: 19 सितंबर से 26 सितंबर 2026 तक।
* राज्य स्तर: 04 एवं 05 अक्टूबर 2026।
* सभी शासकीय व निजी स्कूलों/कॉलेजों की भागीदारी अनिवार्य रहेगी।
* विजेता विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री जी द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
4. नमो सेवा (अनकही कहानियाँ) (19 सितंबर से 05 अक्टूबर 2026)
* जिले में कम से कम 10 नुक्कड़ नाटक टोलियाँ तैयार की जाएंगी जो विभिन्न स्थानों पर प्रस्तुति देंगी।
* 25 सितंबर को जिला स्तर पर उत्कृष्ट नाट्य मंडलियों को सम्मानित किया जाएगा।
5. आँगन मिलन सेवा (26 सितंबर से 05 अक्टूबर 2026)
* समस्त आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों और माताओं के लिए पोषक अल्पाहार, खेल सामग्री व पठन सामग्री की व्यवस्था की जाएगी।
* माननीय मुख्यमंत्री जी की अपील का वीडियो संदेश मोबाइल/टीवी के माध्यम से दिखाया जाएगा।
6. सेवा मेरा योगदान - सामाजिक अभियान (02 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026)
* 02 अक्टूबर: स्वच्छता ही सेवा एवं प्लास्टिक-मुक्त जागरूकता अभियान।
* 03 अक्टूबर: सड़क सुरक्षा जागरूकता।
* 04 अक्टूबर: अनाथालय व वृद्धाश्रम भ्रमण (ओरछा)।
* 05 अक्टूबर: योग व ध्यान सत्र (ओरछा), करियर काउंसलिंग तथा नशा-मुक्त भारत जागरूकता।
* 06 अक्टूबर: वरिष्ठ नागरिकों हेतु डिजिटल साक्षरता और वंचित बच्चों को शिक्षा सहयोग।
* 08 अक्टूबर: जल संरक्षण तथा बेतवा नदी, बावड़ी व तालाबों की सफाई।
7. सेवा यात्रा (वडनगर से वाराणसी) (17 सितंबर से 07 अक्टूबर 2026)
* वडनगर (गुजरात) से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक दो यात्रा टोलियाँ निकलेंगी, जो मध्य प्रदेश के 55 जिलों से होकर गुजरेंगी।
8. सेवा ज्योति कलश यात्रा - विकसित भारत का संकल्प (07 अक्टूबर 2026)
* प्रधानमंत्री जी के लोक सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से एक यात्रा निकाली जाएगी, जो जिला मुख्यालय पहुँचेगी।
* इसमें विकास पुस्तिका का वितरण और प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण किया जाएगा।
9. सेवा सेतु अभियान - सरकार आपके द्वार (02 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026)
* विकासखंड स्तर एवं नगरीय निकायों में जोनवार मेगा शिविरों का आयोजन कर हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
10. सुशासन सेवा संवाद (17 अक्टूबर 2026)
* मध्य प्रदेश के पंचों और सरपंचों को रेल/बसों के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम हेतु दिल्ली भेजा जाएगा।
25 साल – 25 कहानियां (नेशनल अनबॉक्सिंग):
इस अभियान के तहत केंद्र सरकार से प्राप्त होने वाली किट्स का वितरण सभी जिलों में स्थानीय स्तर पर गणमान्य नागरिकों और प्रबुद्ध वर्ग के परिवारों को भेंट करके किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के संचालन के लिए जनसंपर्क अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारी को 15 अक्टूबर 2026 तक संपूर्ण कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
विकसित भारत संकल्प यात्रा – इन्फ्लूएंसर एक्सचेंज कार्यक्रम:
इस कार्यक्रम के अंतर्गत बिहार, उड़ीसा और झारखंड राज्यों से आए सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर मध्य प्रदेश के चिह्नित जिलों और स्थानों का भ्रमण करेंगे।
भ्रमण के दौरान इन इन्फ्लूएंजर्स को आवश्यक सुविधाएं, समन्वय और सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस गतिविधि के नोडल अधिकारी कार्यपालन यंत्री (पर्यटन विभाग, निवाड़ी) एवं सहायक नोडल अधिकारी जनसम्पर्क अधिकारी होंगे। इस यात्रा की विस्तृत कार्ययोजना भी 15 अक्टूबर 2026 तक जमा करनी होगी।
प्रशासनिक निर्देश:
कलेक्टर कार्यालय द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों, जिला शिक्षा अधिकारी, सीईओ जनपद, सीएमओ एवं अन्य विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय-सीमा में सभी तैयारियाँ पूर्ण करें और समाज के सभी वर्गों व संस्थाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #सेवा_संकल्प_अभियान #JansamparkMP #niwari