
भारत-स्वीडन विकसित भारत शिखर सम्मेलन में डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ हुए सम्मिलित
नई दिल्ली, 27 अगस्त।
Lakshyaraj Singh Mewar
नई दिल्ली स्थित स्वीडन दूतावास में आयोजित भारत-स्वीडन विकसित भारत शिखर सम्मेलन-2026 में मेवाड़ के 77वें श्री एकलिंग दीवान श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ को भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, सामाजिक नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विशेष रुप से गरिमापूर्वक सम्मिलित करते हुए भव्य स्वागत किया।
देश-विदेश से आए नीति-निर्माताओं, शिक्षाविदों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों एवं विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में आयोजकों ने कहा कि डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने मेवाड़ की गौरवशाली परंपरा को आधुनिक नेतृत्व से जोड़ते हुए सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनके कार्य युवाओं में अपनी सभ्यतागत विरासत के प्रति गौरव, नैतिक मूल्यों तथा राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करते रहे हैं।
श्रीजी हुजूर ने आयोजन समिति एवं स्वीडन दूतावास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, विरासत एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपने कर्तव्यों को और अधिक समर्पण के साथ निभाने की प्रेरणा है जो भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य हेतु समर्पित है।
सम्मेलन के प्रमुख कार्यक्रम
शिखर सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। स्वागत उद्बोधन में भारत-स्वीडन के बीच नवाचार, शिक्षा, संस्कृति एवं नेतृत्व के क्षेत्र में सहयोग को और सुदृढ़ बनाने पर बल दिया गया। सम्मेलन के अंतर्गत आयोजित देश के अग्रणी उद्योगपतियों एवं निवेशकों ने युवा उद्यमिता और स्टार्टअप संस्कृति पर विचार साझा किए। वहीं नेशनल काउंसिल फॉर स्कूल सेफ्टी एवं उसके तकनीकी अनुपालन मंच का शुभारंभ किया गया, जिसमें भारत सरकार के तथा विभिन्न सरकारी एवं स्वीडिश प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की सुरक्षा पर अपने विचार रखे।
दोपहर के विशेष सत्र ‘बियॉन्ड स्टारडमरू एम्पावरिंग इंडियाज़ यूथ टू ड्रीम, लीड एंड बिल्ड विकसित भारत 2047’ में मेवाड़ के 77वें श्री एकलिंग दीवान श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने युवाओं को सांस्कृतिक विरासत, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ नेतृत्व करने का संदेश दिया। इस पैनल में डॉ. श्रीराम नेने, फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी एवं टिस्टा चौपड़ा भी शामिल रहे। विकसित भारत अभियान में पीएमओ पहल की लीडर, रणनीति एवं विकास की ग्लोबल डायरेक्टर प्रियंका शर्मा की इस समारोह में मुख्य भूमिका रही।