प्रभारी मंत्री ने चित्रकूट में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, प्रभावित परिवारों को वितरित की राहत सामग्री
जनपद चित्रकूट में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश एवं बाढ़ से उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने के लिए जनपद के प्रभारी मंत्री, औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एन०आर०आई० एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग, उ०प्र०, नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी ने विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा प्रभावित लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री द्वारा सीएसआर के माध्यम से उपलब्ध कराई गई राहत सामग्री का भजन संध्या हाल, सीतापुर, चित्रकूट में बाढ़ प्रभावित परिवारों को वितरण किया गया। राहत सामग्री के प्रत्येक किट में 3 किलोग्राम आटा, 2 किलोग्राम चावल, 3 किलोग्राम आलू, 1 किलोग्राम प्याज, 1 किलोग्राम नमक, 3 पीस मोमबत्ती, 1.5 लीटर खाद्य तेल तथा 1.5 किलोग्राम लाई/मुर्मुरा व लंच पैकेट के साथ साथ उपस्थित नन्हे मुन्ने, बच्चों को चॉकलेट देकर लाड प्यार भी किए ।
प्रभारी मंत्री ने प्रभावित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। मा० मुख्यमंत्री जी बाढ़ की स्थिति को लेकर अत्यंत चिंतित हैं और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 में भी जनपद में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई थी, लेकिन वर्तमान में जलस्तर में अपेक्षाकृत अधिक वृद्धि हुई है। मध्य प्रदेश क्षेत्र से अधिक मात्रा में पानी आने के कारण भी स्थिति गंभीर हुई है।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी सहित जिला प्रशासन की टीम द्वारा लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी करते हुए जनमानस को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। पूरे प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है तथा शासन स्तर से स्थिति की निरंतर समीक्षा की जा रही है।
मा० मंत्री जी ने कहा कि बाढ़ से पशुओं के बह जाने, फसलों को हुई क्षति, मकानों के क्षतिग्रस्त होने तथा व्यापारियों की दुकानों में पानी भरने से हुए नुकसान का सर्वे एवं आकलन कराया जा रहा है। उन्होंने प्रभावित लोगों को आश्वस्त किया कि नुकसान का नियमानुसार आकलन कराकर पात्र प्रभावित परिवारों को शासन द्वारा अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र प्रभावित व्यक्ति सहायता से वंचित नहीं रहेगा।
इसके उपरांत मंत्री ने रैन बसेरा पहुंचकर वहां आश्रित लोगों से मुलाकात की तथा उनके स्वास्थ्य, समस्याओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित लोगों से धैर्य एवं संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि शासन-प्रशासन द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
तत्पश्चात मंत्री द्वारा रामघाट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाढ़ के कारण सड़कों एवं घाट पर एकत्र हुए मलबे की तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं एवं आमजन का आवागमन सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है तथा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्रा, अध्यक्ष डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक चित्रकूट-बांदा पंकज अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
Manikpur, Chitrakoot | Aug 31, 2026