
*धरती आबा के आदर्शों और झारखंड आंदोलनकारियों के बलिदान को कांग्रेसजनों ने किया नमन*
चाईबासा: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से श्रद्धापूर्वक जयंती समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा केवल महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता, स्वाभिमान, सामाजिक न्याय और अधिकारों की रक्षा के सशक्त प्रतीक हैं। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण, अत्याचार और अन्याय के विरुद्ध ऐतिहासिक उलगुलान का नेतृत्व करते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका संघर्ष, त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।त्रिशानु राय ने आगे कहा कि झारखंड राज्य का गठन दशकों के संघर्ष, त्याग, तपस्या और आंदोलनकारियों के बलिदान का प्रतिफल है। अलग झारखंड राज्य के आंदोलन में अपना जीवन समर्पित करने वाले सभी वीर आंदोलनकारियों को इस गौरवशाली अवसर पर कोटि-कोटि नमन। उन्होंने कहा कि झारखंड निर्माण के मूल उद्देश्यों को पूरा करना ही आंदोलनकारियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, शिक्षा विभाग चेयरमैन पुरुषोत्तम दास पान, वरीय कांग्रेसी अशोक बारीक, मेवालाल होनहागा, अजय कुमार, कलीम अख्तर, बुल्लू दास, परशुराम पान, मो. अरसलाम, हेर बेदन बोदरा, सुशील सोय, विक्रमादित्य सुंडी, सुशील दास, तुषार गोप, यश कुजूर, सुबुद्धि होनहागा सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।