
**अमेठी में दो आरोपित छह महीने के लिए जिला बदर, डीएम ने जारी किया आदेश**
**जगदीशपुर और जामों क्षेत्र के रहने वाले हैं दोनों, गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई**
**अमेठी।** जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने दो व्यक्तियों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की है। जिला मजिस्ट्रेट शशांक चौधरी ने गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत दोनों को छह महीने के लिए अमेठी की सीमा से निष्कासित करने का आदेश जारी किया है।
प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, जिला बदर किए गए व्यक्तियों में जुनैद पुत्र अख्तर अली निवासी नयापुरवा मजरे खैरातपुर, थाना जगदीशपुर और अमरेंद्र सिंह उर्फ अमन सिंह पुत्र अंबिका सिंह निवासी बाजगढ़ मजरे सूखीबाजगढ़, थाना जामों शामिल हैं।
जिला प्रशासन के मुताबिक, संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है। साथ ही डीएम ने जिले में सक्रिय असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने पुलिस को निर्देशित किया है कि जिले में लोकशांति और लोक सुरक्षा भंग करने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार तत्काल निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।
DM Amethi Amethi Police
Amethi, Amethi | Oct 13, 2026