
'मिनी सूरसागर' की समस्या को लेकर बीजेपी पार्षदों ने लगाया धरना,
-निगम के अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर की वार्ता
-सीवरेज निर्माण कार्य की फाइल को आगे बढ़ाने पर बनी सहमति
बीकानेर। वल्लभ गार्डन स्थित चिराग होटल के पास आबादी क्षेत्र में सीवरेज के गंदे पानी के लंबे समय से जमा होने के कारण बने 'मिनी सूरसागर' से स्थानीय निवासी भारी परेशानी का सामना कर रहे थे। क्षेत्र में गंदा पानी जमा रहने से आमजन का आवागमन प्रभावित हो रहा था तथा दुर्गंध और गंदगी के कारण लोगों का रहना मुश्किल हो गया था। स्थानीय निवासियों द्वारा बार-बार संबंधित अधिकारियों को अवगत करवाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से क्षेत्रवासियों में भारी रोष व्याप्त था। जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए आज पार्षद डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया के नेतृत्व में पार्षद विक्रम सिंह राजपुरोहित सहित अनेक पार्षद मौके पर पहुंचे और निगम प्रशासन की कार्यशैली के विरोध में सीवरेज पानी के कीचड़ में धरने पर बैठ गए। पार्षद भगवान सिंह मेड़तिया ने स्पष्ट किया कि आमजन को सीवरेज के गंदे पानी और बदबू के बीच रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता तथा समस्या का स्थायी समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए धरने पर नगर निगम आयुक्त ने फोन पर वार्ता की। इसके पश्चात नगर निगम के एक्सईएन चिराग गोयल एवं जेईएन राजेश पुनिया मौके पर पहुंचे और पार्षदों एवं क्षेत्रवासियों से चर्चा की। वार्ता के दौरान सीवरेज निर्माण कार्य की फाइल को तत्काल आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
इस दौरान एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया। दोपहर 1 बजकर 57 मिनट पर सीवरेज निर्माण की फाइल चली और महज 3 मिनट बाद 2 बजे फाइल को हाथोंहाथ स्वीकृति मिल गई। इस त्वरित कार्रवाई से धरने पर बैठे पार्षदों एवं क्षेत्रवासियों ने राहत की उम्मीद जताई।