बाजपुर न्यूज
निर्माणाधीन मकान में करंट की चपेट में आया मजदूर, घायल
बाजपुर। बरहैंनी क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान में राजमिस्त्री का कार्य कर रहा एक मजदूर जमीन पर पड़ी बिजली की छिली हुई तार की चपेट में आकर घायल हो गया। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय बाजपुर में भर्ती कराया गया। ग्राम नंदपुर नरकट टोपा निवासी 35 वर्षीय महमूद पुत्र मकसूद गुरुवार को बरहैंनी क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान में मजदूरी कर रहा था। बताया जा रहा है कि ईंटों के बीच जमीन पर बिजली का तार पड़ा हुआ था, जिसकी तार छिली होने के कारण महमूद उसके संपर्क में आ गया और करंट की चपेट में आकर घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल उप जिला चिकित्सालय बाजपुर पहुंचाया। महिला चिकित्सक डॉ. एकता तिवारी ने बताया कि करंट लगने से घायल एक व्यक्ति को अस्पताल लाया गया था, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया।