
तालाब में डूबी 13 वर्षीय किशोरी की मौत, गांव में मचा कोहराम
हरदोई/सुरसा। थाना क्षेत्र के सहुतेरा गांव में रविवार शाम करीब पांच बजे दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय किशोरी की तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, सुशील की 13 वर्षीय पुत्री साधना रविवार शाम खेत की ओर गई थी। खेत के पास स्थित तालाब के किनारे अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरी। बताया जा रहा है कि बीते दिनों हुई भारी बारिश के कारण तालाब में पानी काफी अधिक था।
किशोरी के तालाब में गिरने की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने उसे बचाने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन गहरे पानी के कारण उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। काफी प्रयासों के बाद किशोरी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि साधना के पिता चंडीगढ़ में मजदूरी करते हैं और घटना के समय वह वहीं थे। साधना का तीन वर्ष का छोटा भाई अमरेंद्र है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से किशोरी के शव को तालाब से बाहर निकलवाया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के बाद सहुतेरा गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।