
जिला जनसम्पर्क कार्यालय दतिया (म.प्र.)
मध्यप्रदेश शासन
समाचार
प्रचार प्रसार वाहन को हरी झंडा दिखाकर किया गया रवाना
दतिया 08 सितम्बर 2026 / मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अध्यक्षता में दिनांक 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार प्रसार और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला न्यायालय परिसर दतिया से प्रचार प्रसार वाहन को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विजय चंद्र ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह प्रचार प्रसार वाहन शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी देगा और लंबित मुकदमे के निस्तारण के लिए लोक अदालत का लाभ उठाने के लिए जागरूक करेंगे प्रचार वाहनों के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वॉलिंटियर्स भी रहेंगे।
इस अवसर पर श्री विजय चंद्र प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, श्री अशोक कुमार गुप्ता प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय, सविता जड़िया जिला न्यायाधीश, श्री ओ.पी रघुवंशी जिला न्यायाधीश श्री सुदीप कुमार श्रीवास्तव जिला न्यायाधीश, श्रीमती मंजूषा तेकाम जिला न्यायाधीश श्री राजेश भंडारी जिला न्यायाधीश श्री सतीश वसुनिया मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, निधि पिंटो सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्री विजिताषव पुष्कर न्यायाधीश, श्रीमती स्वप्निल वर्मा न्यायाधीश, सुश्री किरण न्यायाधीश, श्रीमती विभूति तिवारी जिला विधिक सहायता अधिकारी एवं समस्त न्यायालयीन कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
क्रमांक 26/2026
--------0000-------
नशामुक्ति को लेकर जिलेभर में चलेंगे जनजागरूकता अभियान
दतिया 08 सितम्बर 2026 / नेशनल एक्शन प्लान फॉर ड्रग डिमांड रिडक्शन योजना के तहत जिले में नशे की रोकथाम एवं नशामुक्ति के लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े द्वारा इस संबंध में सभी संबंधित विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, नगरीय निकायों एवं जनप्रतिनिधियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
अभियान के तहत स्थानीय भाषा, संस्कृति एवं परंपराओं को ध्यान में रखते हुए रैली, नुक्कड़ नाटक, मैराथन, संगीत कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिता, प्रभात फेरी, ग्राम/वार्ड चौपाल, जागरूकता शिविर एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नशा विरोधी शपथ, ई-प्लेज, चित्रकला, निबंध, रंगोली, कविता एवं स्लोगन प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी।
इसके साथ ही नशे के दुष्परिणामों और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता के लिए बैनर, बैकड्रॉप, वॉल पेंटिंग, स्टैंडी, पोस्टर, स्टीकर, कैप, टी-शर्ट एवं की-चेन जैसी सामग्री का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। नशे पर निर्भर व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें परामर्श, उपचार एवं पुनर्वास सेवाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया गया है।
जिले में आयोजित सभी नशामुक्ति एवं नशा-निवारण गतिविधियों की जानकारी एनएमबीए पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाएगी। अभियान में जनप्रतिनिधियों, युवाओं, छात्र-छात्राओं, महिलाओं, पुरुषों, दिव्यांगजनों एवं अन्य हितधारकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर दतिया ने निर्देश दिए हैं कि नशामुक्ति अभियान की गतिविधियां प्रभावी एवं व्यापक स्तर पर आयोजित कर समाज में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाए।
क्रमांक 27/2026
--------0000-------