
अभियान बसेरा के तहत पंचायत सरकार भवन एवं अंचल कार्यालयों में विशेष शिविर आयोजित कर लिए जाएंगे आवेदन
22 से 25 सितंबर तक पंचायत सरकार भवनों तथा 22 से 28 सितंबर(प्रत्येक कार्य दिवस को ,एक सप्ताह ) तक अंचल कार्यालयों में चलेगा विशेष अभियान
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार, पटना द्वारा प्राप्त निर्देश के आलोक में जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने जिले में ‘अभियान बसेरा’ के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभियान के तहत संभावित वासभूमिहीन लाभुकों से आवेदन प्राप्त करने के लिए जिले की सभी पंचायतों के पंचायत सरकार भवन एवं सभी अंचल कार्यालयों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी के निर्देश के अनुसार 22 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक सभी पंचायत सरकार भवनों में शिविर आयोजित कर आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। इसके लिए संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, प्रत्येक कार्य दिवस को अगले एक सप्ताह तक) तक सभी अंचल कार्यालयों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस अवधि में प्रातः 6 बजे से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे तथा इसके बाद सामान्य कार्यालय अवधि में भी आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि शिविर में आवेदन प्राप्त करने के साथ-साथ प्रत्येक आवेदक को आवेदन संख्या एवं प्राप्ति तिथि अंकित विधिवत पावती अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए तथा प्राप्त आवेदनों का पंजी संधारित किया जाए।
अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सभी अंचल अधिकारियों एवं जनसंपर्क पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है ।सभी पंचायत सरकार भवनों एवं अंचल कार्यालयों के प्रमुख एवं दृश्य स्थलों पर फ्लेक्स/होर्डिंग लगाकर आवेदन प्राप्ति हेतु शिविर, पावती की व्यवस्था तथा ऑनलाइन आवेदन की सुविधा के संबंध में आम लोगों को जानकारी देने का निर्देश दिया गया है।बताया गया कि घर बैठे https://biharbhumi.bihar.gov.in/biharbhumi/ पर भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने अधिक से अधिक संभावित लाभुकों को ऑनलाइन आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित करने तथा इस संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी संभावित लाभुक को आवेदन जमा करने के लिए राज्य मुख्यालय, पटना जाने की आवश्यकता नहीं है। लाभुक अपने संबंधित पंचायत सरकार भवन/अंचल कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं अथवा अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
शिविरों में प्राप्त आवेदनों को संबंधित अंचल कार्यालय को उपलब्ध कराते हुए नियमानुसार जाँच एवं पात्र लाभुकों के संबंध में अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि अभियान के दौरान शिविरों के आयोजन, पावती निर्गत करने, फ्लेक्स/होर्डिंग लगाने, आवेदन प्राप्ति एवं आवेदनों के नियमानुसार निष्पादन की व्यवस्था का नियमित अनुश्रवण करें। उन्होंने अभियान बसेरा के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
CMO Bihar Information & Public Relations Department, Government of Bihar Revenue and Land Reforms Dept, Govt. of Bihar
#CMSamrat #samratchoudhary