सुरसंड के विकास की छह बड़ी योजनाओं को लेकर मंत्री से मिले विधायक प्रो. नागेंद्र राउत
सड़क-नाला से लेकर पोखर सौंदर्यीकरण तक की योजनाओं का सौंपा ज्ञापन, मंत्री ने तकनीकी सर्वे व स्वीकृति का दिया आश्वासन
पटना। सुरसंड विधानसभा क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेज करने को लेकर सुरसंड विधायक प्रो. नागेंद्र राउत ने बुधवार को पटना में बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा से मुलाकात की। विधायक ने विधानसभा क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी छह महत्वपूर्ण योजनाओं का विस्तृत ज्ञापन मंत्री को सौंपते हुए उनके शीघ्र क्रियान्वयन की मांग की।
विधायक ने सुरसंड नगर पंचायत की प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए A-One Mall (NH-227) से श्रीराम चौक तक सड़क एवं नाला निर्माण, मुन्ना साउंड सर्विस से शिशु विद्या मंदिर होते हुए SH-87 तक दोनों तरफ सड़क एवं नाला निर्माण तथा वार्ड नंबर-01 स्थित गरीब स्थान परिसर के भव्य सौंदर्यीकरण, पोखर घाट एवं लाइटिंग की योजना को प्राथमिकता से पूरा कराने की मांग रखी।
इसी क्रम में जनकपुर रोड नगर परिषद, पुपरी के लिए वार्ड-18 में शनि मंदिर से स्टाइल बाजार तक PCC सड़क एवं RCC नाला, वार्ड-09 में प्रशांत सावन के घर से पूजा वस्त्रालय तक सड़क-नाला तथा वार्ड-15 में राजबाग से मोहम्मद चांद के घर तक सड़क एवं नाला निर्माण की मांग भी रखी गई।
विधायक ने कहा कि सड़क और नाला जैसी बुनियादी सुविधाएं क्षेत्र के विकास की पहली जरूरत हैं। जलजमाव की समस्या से निजात, बेहतर आवागमन और नगर क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण के लिए इन योजनाओं का क्रियान्वयन आवश्यक है।
मंत्री नीतीश मिश्रा ने विधायक द्वारा प्रस्तुत सभी योजनाओं को गंभीरता से सुना और शीघ्र तकनीकी सर्वे कराकर आवश्यक प्रक्रिया के तहत स्वीकृति की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विधायक प्रो. नागेंद्र राउत ने कहा कि सुरसंड विधानसभा क्षेत्र का समग्र एवं संतुलित विकास उनका संकल्प है। क्षेत्र की सड़क, नाला, जलजमाव और अन्य बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार के स्तर पर लगातार प्रयास जारी रहेगा।