-देशभर के जैन इन्फ्लुएंसर्स और क्रिएटर्स का हुआ सम्मान, कथक की भव्य प्रस्तुतियों ने मोहा मन
- आयोजन के दूसरे दिन शॉर्ट फिल्म एवं रील प्रतियोगिता के विजेताओं और प्रतिभागियों को किया सम्मानित
@followers @top fans News 24 Udaipur
#udaipur #viralpost #nonfollowers #jainism
उदयपुर,16 अगस्त। उदयपुर की पावन धरा पर आयोजित त्रिदिवसीय जैन आइकन अवॉर्ड 2026 का दूसरा दिन 15 अगस्त को आध्यात्मिकता, कला, प्रतिभा और डिजिटल क्रिएटिविटी के अद्भुत संगम के रूप में ऐतिहासिक रहा। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में नाथद्वारा विधायक मेवाड़ राजघराने के विश्वराज सिंह मेवाड़ मौजूद रहे।
संयोजक सुधीर चित्तौड़ा ने बताया कि परमपूज्य श्रुतसंवेगी महाश्रमण आदित्य सागर महाराज की पावन सन्निधि में आयोजित समारोह में देशभर से पहुंचे जैन इन्फ्लुएंसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स और कलाकारों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। समारोह की विशेषता रही कि देश के विभिन्न हिस्सों से नैतिकता, सकारात्मकता, भारतीय संस्कृति और जैन धर्म के सिद्धांतों को डिजिटल माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने वाले क्रिएटर्स एक मंच पर जुटे। उनकी रचनात्मकता, प्रभाव और जिनशासन के प्रति योगदान के लिए उन्हें जैन आइकन अवॉर्ड सहित विभिन्न सम्मान प्रदान किए गए। वहीं जैन आइडल अवॉर्ड जैसी विशेष श्रेणियों में भी प्रतिभाओं का अभिनंदन किया गया इस अवसर पर परमपूज्य श्रुतसंवेगी महाश्रमण आदित्य सागर जी मुनिराज ने प्रेरणादायी प्रवचन में कहा कि जीवन में केवल ऊंचाइयों को छूने का लक्ष्य नहीं होना चाहिए, बल्कि स्वयं आसमान बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि व्यक्तिगत विकास के साथ देश और धर्म को आगे बढ़ाने में भी अपनी भूमिका निभाएं।
- कथक की भव्य प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विश्वविख्यात कथक कलाकार डॉ. रागिनी मक्क्ड़ एवं उनकी टीम ने चार भव्य प्रस्तुतियां दीं। शानदार कोरियोग्राफी, संगीत, मंचीय प्रस्तुति और कलात्मक अभिव्यक्ति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुतियों ने समारोह को राष्ट्रीय स्तर के भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन स्वरऋषि अनुराग जैन, इंदौर ने किया। अपनी ऊर्जा और विशिष्ट शैली से उन्होंने पूरे समारोह को प्रभावी ढंग से जोड़े रखा। जैन आइकन अवॉर्ड 2026 के मुख्य संयोजक आकाश जैन के कुशल संयोजन एवं नेतृत्व में समारोह ने भव्य स्वरूप लिया। आयोजन की सफलता में श्री दिगंबर जैन चैरिटेबल ट्रस्ट, हिरणमगरी सेक्टर-11 तथा विश्वध्यान वर्षायोग समिति 2026 का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
- शॉर्ट फिल्म और रील प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान
महोत्सव के दूसरे दिन शॉर्ट फिल्म एवं रील प्रतियोगिता के विजेताओं और प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। चयनित प्रतिभाओं को पुरस्कार राशि एवं आकर्षक ट्रॉफियां प्रदान की गईं। आयोजकों ने बताया कि इन सम्मानों का उद्देश्य युवा रचनाकारों का उत्साह बढ़ाने के साथ उन्हें समाज, संस्कृति और धर्म से जुड़े सकारात्मक एवं प्रभावशाली कंटेंट निर्माण के लिए प्रेरित करना है। 15 अगस्त का पूरा दिन पूज्य मुनिराज के प्रेरक मार्गदर्शन, देशभर से आए क्रिएटर्स के सम्मान, कथक की भव्य प्रस्तुतियों और नई प्रतिभाओं के प्रोत्साहन से यादगार बन गया। दूसरे दिन के आयोजन ने जैन आइकन अवॉर्ड को केवल एक पुरस्कार समारोह के बजाय जिनशासन की प्रभावना को आधुनिक डिजिटल युग से जोड़ने वाले एक प्रभावशाली मंच के रूप में स्थापित किया। अब सभी की निगाहें जैन आइकन अवॉर्ड 2026 के तीसरे और अंतिम दिन पर टिकी हैं, जिसकी झलक और विशेष प्रस्तुतियां आयोजन को और भी खास बनाने वाली हैं।
इस अवसर चातुर्मास समिति के अध्यक्ष अशोक शाह, पारस चित्तौड़ा, आकाश जैन, सुधीर चित्तौड़ा सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।