
ममता' पर भारी पड़ी लापरवाही! प्रसूताओं की मौतों पर उठे गंभीर सवाल
रेडक्रॉस प्रदेश कोषाध्यक्ष रमेश मूंदड़ा ने मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री को लिखा पत्र, उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
भीलवाड़ा ( महेंद्र नागोरी) महात्मा गांधी चिकित्सालय के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र (एमसीएच) में हाल ही में हुई प्रसूताओं की मौतों के बाद स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल लगातार गहराते जा रहे हैं। राजस्थान रेडक्रॉस सोसायटी के प्रदेश कोषाध्यक्ष रमेश मूंदड़ा ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मूंदड़ा ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की लागत से खरीदे गए कई चिकित्सा उपकरण वर्षों से उपयोग के बजाय धूल फांक रहे हैं। उनका दावा है कि महात्मा गांधी चिकित्सालय परिसर में करीब दो वर्ष पहले तैयार हुए नए भवन का अब तक लोकार्पण नहीं होने से मरीज आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई गंभीर अनियमितताएं सामने आ सकती हैं। साथ ही उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि एक ही अधिकारी वर्षों तक एक ही महत्वपूर्ण पद पर कैसे बना रहा और इस दौरान उसकी जवाबदेही क्यों तय नहीं की गई।
मूंदड़ा ने सरकार से मांग की है कि हालिया प्रसूता मौतों के मामले में लंबे समय से एक ही पद पर कार्यरत अधिकारियों को तत्काल पदमुक्त कर राज्य स्तर पर विभागीय जांच कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।