
रेवाड़ी में आईजीयू के पास तीन युवकों पर जानलेवा हमला, दो की मौत
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर के पास छात्रों के दो गुटों के बीच चल रही पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। गांव गोकलपुर के पास तीन युवकों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में दो युवको की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
मृतक की पहचान रेवाड़ी के गांव मांढैया निवासी 26 वर्षीय जतिन व निंगानीयावास निवासी हिमेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हमले के बाद जतिन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था तथा हिमेश ने कुछ देर बाद। जतिन कंपनी में नौकरी करता था और दोस्तो के बुलाने पर झगड़े में पहुंचा था।
गांव बुढाना निवासी यशपाल को भी गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, छात्रों के दो गुटों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आ रही है। घटना के दौरान हवाई फायर किए जाने की सूचना भी प्राथमिक तौर पर मिली है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल वारदात के पीछे की पूरी वजह और हमलावरों की संख्या को लेकर पुलिस जांच जारी है।
Rewari, Rewari | Aug 21, 2026