
भगवा ध्वज को गुरु मान स्वयंसेवकों ने अर्पित की गुरु दक्षिणा
विद्या भारती विद्यालय परिसर में आरएसएस का गुरु दक्षिणा कार्यक्रम
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- विद्या भारती विद्यालय परिसर में मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवकों की ओर से गुरु दक्षिणा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना क्षेत्र के करीब 50 स्वयंसेवक और विद्यालय के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत भगवा ध्वज और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्राचार्य धनंजय मिश्रा ने किया। मुख्य अतिथि समेंद्र किशोर रहे। इस दौरान सीमा जागरण मंच के अध्यक्ष तापोश टैगोर, दिनेश कुमार गुप्ता, देवेंद्र कुमार सिंह, डॉ. वीरेंद्र प्रसाद और संजय सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे। प्राचार्य धनंजय मिश्रा ने गुरु दक्षिणा की परंपरा और इसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा का पर्व महर्षि वेदव्यास की जयंती के रूप में भी मनाया जाता है। आरएसएस में भगवा ध्वज को गुरु का प्रतीक मानकर गुरु दक्षिणा अर्पित करने की परंपरा रही है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर एकत्र राशि संगठन के प्रचारक कार्यकर्ताओं के कार्यों में समर्पित की जाती है। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों को संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन एवं उनके विचारों से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों से सनातन संस्कृति और राष्ट्र के प्रति सेवा भाव बनाए रखने का आह्वान किया गया।