
क्रिमिनल एंड रेवेन्यू बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में मंगलवार को शेषनाथ तिवारी ने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की। मतगणना के बाद घोषित परिणाम में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी शैलेश कुमार सिंह को 79 वोटों के अंतर से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में शेषनाथ तिवारी को 377 वोट मिले, जबकि शैलेश कुमार सिंह को 298 वोट प्राप्त हुए। वहीं सुभाषचंद्र श्रीवास्तव को 247 और ओंकार सिंह को 24 मत मिले।
सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ और दोपहर तीन बजे तक चला। इसके बाद शाम चार बजे से मतगणना शुरू हुई। देर शाम परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
महासचिव पद पर भुवाल सिंह ने राधेश्याम पांडेय को 37 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। वहीं उपाध्यक्ष पद पर अर्चना पांडेय और गीतेश पांडेय निर्वाचित हुए। कोषाध्यक्ष पद पर सुनील कुमार पांडेय ने जीत हासिल की, जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर प्रदीप कुमार श्रीवास्तव निर्विरोध निर्वाचित हुए।
चुनाव परिणाम सामने आने के बाद अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और अधिवक्ता हितों को प्राथमिकता देने की उम्मीद जताई। चुनाव प्रक्रिया चेयरमैन अशोक कुमार सिंह और निर्वाचन अधिकारी हरेंद्र सिंह की देखरेख में संपन्न हुई।
#BarAssociation #sheshnathtiwari #AdvocateElection #Balliakhabar