
“आईटीआई चले अभियान” के तहत बालिकाओं को कौशल शिक्षा से जोड़ने की पहल
..
जिले में बालिकाओं की कौशल शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से “आईटीआई चले अभियान” के अंतर्गत विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। शासकीय आईटीआई विदिशा की नोडल प्राचार्या सुश्री कविता रघुवंशी द्वारा जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती विनीता लोढ़ा के माध्यम से जिले की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि प्रत्येक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने कार्यक्षेत्र की कम से कम एक बालिका का शासकीय आईटीआई में पंजीयन एवं प्रवेश सुनिश्चित कराने में सहयोग प्रदान करें।
इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा अभिभावकों एवं बालिकाओं को आईटीआई में संचालित विभिन्न व्यवसायों, प्रशिक्षण सुविधाओं एवं रोजगार संभावनाओं की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।
नोडल प्राचार्या सुश्री कविता रघुवंशी ने बताया कि शासन द्वारा आईटीआई संस्थाओं में महिलाओं हेतु 35 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं। “आईटीआई चले अभियान” के माध्यम से इन सीटों पर शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण वर्तमान समय की आवश्यकता है तथा आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त कर बालिकाएं विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों, सेवा क्षेत्र एवं स्वरोजगार के माध्यम से अपना उज्ज्वल भविष्य बना सकती हैं।
शासकीय आईटीआई विदिशा में प्रवेश हेतु पंजीयन प्रक्रिया संचालित है तथा संस्थान में हेल्प डेस्क की सुविधा उपलब्ध है। इच्छुक बालिकाएं एवं उनके अभिभावक अधिक जानकारी के लिए शासकीय आईटीआई विदिशा से संपर्क कर सकते हैं।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP #vidisha