विश्व साइकिल दिवस पर निकली जागरूकता रैली, खिलाड़ियों और आमजन ने दिया स्वास्थ्य व पर्यावरण संरक्षण का संदेश
..
खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विश्व साइकिल दिवस तीन जून के अवसर पर बुधवार को जिला खेल परिसर, स्टेडियम विदिशा से भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। प्रातः 7 बजे प्रारंभ हुई इस रैली में विभिन्न खेलों के खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं, प्रशिक्षक तथा बड़ी संख्या में आमजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
साइकिल रैली का शुभारंभ जिला खेल परिसर स्टेडियम से हुआ। रैली नीमताल, ओवरब्रिज, एसएटीआई, पीतलमील चौराहा, मंडी ओवरब्रिज, जयप्रकाश मंच माधवगंज, स्टेशन चौराहा तथा पुराना अस्पताल मार्ग से होते हुए पुनः जिला खेल परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने देशभक्ति एवं जनजागरूकता से जुड़े नारों के साथ साइकिल चलाते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण तथा ईंधन की बचत का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को नियमित व्यायाम, स्वास्थ्य संवर्धन और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना था।
जिला खेल अधिकारी श्री प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस रैली में विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों एवं नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। उन्होंने कहा कि साइकिल का उपयोग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री एसपी जाटव, जिला क्रीड़ा अधिकारी (स्कूल शिक्षा विभाग) श्री प्रशांत रघुवंशी सहित खेल संघों के पदाधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्री शैलेन्द्र सरभैया, श्री अवधेश दुबे, श्री रविकांत नामदेव, श्री लक्ष्मीनारायण पटेल, श्रीमती ज्योति ठाकुर, श्री ऋषभ विश्वकर्मा, श्री अजय चौहान, श्री योगेश धुर्वे, श्री संतोष शाक्य, श्री सोनू शाक्य, श्री धीरेन्द्र मिश्रा, श्री राकेश शर्मा सहित अनेक खिलाड़ी एवं खेल प्रशिक्षकों ने सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया।
विश्व साइकिल दिवस पर आयोजित इस रैली ने युवाओं एवं नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रभावी संदेश दिया।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP #vidisha