
विश्व पर्यावरण दिवस पर माधोपुर में हुआ पौधरोपण
..
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को जनपद पंचायत विदिशा अंतर्गत ग्राम पंचायत सुनपुरा के ग्राम माधोपुर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विदिशा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री मुकेश टंडन एवं जनपद पंचायत विदिशा के अध्यक्ष श्री वीर सिंह रघुवंशी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक श्री मुकेश टंडन ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि वृक्ष न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और जलवायु संतुलन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री वीर सिंह रघुवंशी ने भी पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों को हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन जनपद पंचायत विदिशा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के मार्गदर्शन में जनपदीय एवं ग्राम पंचायत स्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित विकास से संबंधित संदेश भी ग्रामीणों को दिए गए।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने ग्रामीण क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#environment #vidisha